लांस नायक मनीष ठाकुर को श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक

शिमला, 03 जून (हि.स.)। भारतीय सेना के वीर जवान लांस नायक मनीष ठाकुर के बलिदान पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मनीष ठाकुर सिरमौर जिला के नाहन उपमंडल के बड़ाबन गांव के निवासी थे और डोगरा रेजिमेंट में सेवायन थे।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि लांस नायक मनीष ठाकुर की देश सेवा के लिए बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी मनीष ठाकुर के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर एक अमर मिसाल पेश की है। प्रदेश को उनके बलिदान पर गर्व है। उप-मुख्यमंत्री ने भी परिजनों को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए उन्हें हरसंभव सहायता देने की बात कही।

शहीद मनीष ठाकुर की शहादत पर पूरे इलाके में शोक की लहर है, और लोग उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

   

सम्बंधित खबर