अयोध्या में अजय राय को रोके जाने पर कांग्रेस ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में दोषियों को बचाने का लगाया आरोप

नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को रोके जाने के बाद दोषियों को बचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और भूमि अनियमितताओं के मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे कांग्रेस नेताओं को अयोध्या में दर्शन और तथ्य जुटाने से रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामले में देश जवाब चाहता है, लेकिन दोषियों पर कार्रवाई के बजाय विपक्षी नेताओं को रोकने की कार्रवाई की जा रही है।

जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर कहा कि श्रीराम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी से पूरा देश व्यथित है। उन्होंने दावा किया कि देशवासियों के दबाव के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट आने पर प्राथमिकी दर्ज की गई, लेकिन इतना समय बीतने के बाद भी मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उन पर सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे कांग्रेस नेताओं को तानाशाही तरीके से हाउस अरेस्ट करना अत्यंत निंदनीय है। देशवासी इस मामले में दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई चाहते हैं। राम मंदिर से जुड़े इस मामले में दोषियों को बचाने वाले भी समान रूप से जिम्मेदार हैं। जनता इस पूरे प्रकरण को देख रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की अपेक्षा कर रही है।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल 30 जून को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन के लिए जाने वाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर वाहन में बैठा लिया। यदि सब कुछ पारदर्शी है तो फिर राम भक्तों के अयोध्या आने से सरकार को डर क्यों लग रहा है।

अजय राय के नेतृत्व में सांसद तनुज पुनिया, किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक वीरेंद्र चौधरी सहित नौ सदस्यीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का अयोध्या जाने का कार्यक्रम था।

---------------

   

सम्बंधित खबर