गो-कटान कांड का कुख्यात इनामी आरोपित 17 साल बाद दबोचा गया

नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 17 साल से फरार चल रहे गो-कटान और पशु चोरी के कुख्यात आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शाकिर पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, पुलिसकर्मियों पर हमले और पशु क्रूरता समेत 17 संगीन मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने उसे मोरी गेट इलाके से गिरफ्तार किया। आरोपित लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर दिल्ली-हरियाणा में सक्रिय था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने मंगलवार काे बताया कि शाकिर हरियाणा के फरीदाबाद जिले के धौज गांव का रहने वाला है। वर्ष 2009 में वसंत कुंज नॉर्थ थाना इलाके में दर्ज एक मामले में उसका नाम सामने आया था। आरोप है कि शाकिर और उसके साथियों ने रात के समय एक डेयरी फार्म से छह मवेशी चोरी किए थे। इसके बाद उन्हें सुनसान जगह पर ले जाकर बेरहमी से काटा गया और मांस की अवैध बिक्री की गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और मामला बेहद संवेदनशील बन गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित और उसका गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य दिन में डेयरी फार्मों की रेकी करते थे और रात में हथियारों के साथ पहुंचकर पशुओं की चोरी करते थे। विरोध करने वालों पर हमला करने से भी नहीं हिचकते थे। वारदात के बाद शाकिर लगातार फरार रहा और जांच एजेंसियों से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाता रहा।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार मामले में अदालत ने 27 अप्रैल 2010 को शाकिर को भगाेड़ा घाेषित किया था। बाद में दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया। इसके बावजूद वह लगातार पुलिस को चकमा देता रहा।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज टीम को आरोपित की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि वह मोरी गेट इलाके में अपने कुछ साथियों से मिलने आने वाला है। इसके बाद इंस्पेक्टर विनय कुमार के नेतृत्व में टीम ने इलाके में जाल बिछाया। काफी देर तक निगरानी के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर दबोच लिया।

पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2012 में आरोपित ने पुलिस चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश में दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल को वाहन से कुचल दिया था, जिसमें पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी। इस मामले में भी उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने बताया कि शाकिर छह बच्चों का पिता है और हरियाणा में मीट की दुकान चलाता है। जांच में यह भी सामने आया कि उसका भाई शाहिद उर्फ बिल्ली भी चर्चित धौला कुआं दुष्कर्म मामले में न्यायिक हिरासत में बंद है।

---------------

   

सम्बंधित खबर