शिमला, 19 मई (हि.स.)। शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो युवकों को 509 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार सोमवार की शाम डिटेक्शन सेल, उपमंडल रोहड़ू की टीम क्षेत्र में गश्त और अपराधों की रोकथाम के लिए मख्खीनाला रोहड़ू में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चिड़गांव की ओर से रोहड़ू आ रही एक मारुति 800 कार में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 509 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय जितेन्द्र ठाकुर पुत्र हेत राम ठाकुर और 25 वर्षीय राजन ठाकुर पुत्र वीरेंद्र ठाकुर निवासी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी शिमला के निवासी लोअर खलीनी के रहने वाले हैं।
पुलिस ने इस मामले में थाना रोहड़ू में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
---------------

