शिमला, 19 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक युवक को 14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सोलन से शिमला की ओर नशे की खेप लेकर आ रहा था। मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात स्पैशल सैल शिमला और पुलिस थाना बालूगंज की टीम तारादेवी बाईफरकेशन क्षेत्र में गश्त और नशा तस्करी रोकने के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सोलन जिले के बसाल गांव का रहने वाला जय सिंगला नाम का युवक एक ऑल्टो कार में शोघी की तरफ से तारादेवी होते हुए शिमला आ रहा है और उसके पास चिट्टा मौजूद है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की और संदिग्ध ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 14 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और कार को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस थाना बालूगंज में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
---------------

