शिमला : आदतन नशा तस्कर को तीन महीने की जेल, अब तक 40 आरोपियों पर कार्रवाई

शिमला, 19 मई (हि.स.)। शिमला जिला पुलिस ने नशा तस्करी में बार-बार शामिल रहने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक आदतन नशा तस्कर को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत डिटेन किया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे आरोपियों को दोबारा अपराध करने से रोकने और समाज से दूर रखने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार अश्विन आहलूवालिया पुत्र भूपेंद्र आहलूवालिया निवासी राज निवास, बिलो एफएमपीएस, बीसीएस न्यू शिमला के खिलाफ धारा 3(1) पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक डिटेंशन की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई को हिमाचल प्रदेश सरकार की मंजूरी मिलने के बाद डिटेंशन आदेश जारी किए गए।

इन आदेशों के तहत 16 मई को थाना न्यू शिमला की पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे तीन महीने की अवधि के लिए एमसी जेल कंडा भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में थाना न्यू शिमला में उसके खिलाफ धारा 21, 27 और 29 के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद फरवरी 2024 में थाना न्यू शिमला में दर्ज एक अन्य मामले में उससे 7 ग्राम हेरोइन, जिसे चिट्टा भी कहा जाता है, बरामद की गई थी। वहीं जून 2025 में थाना ईस्ट शिमला में दर्ज मामले में उसके कब्जे से 11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपी लगातार नशा तस्करी में शामिल रहा और उसके दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। जिला शिमला पुलिस के अनुसार अब तक कुल 40 आरोपियों के खिलाफ इस कानून के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर