चाकदह नगरपालिका बोर्ड भंग, प्रशासक की नियुक्ति का आदेश
- Admin Admin
- Dec 17, 2025
कोलकाता, 17 दिसंबर (हि. स.)। नागरिक सेवाओं में लापरवाही के आरोपों के बीच पश्चिम बंगाल के नगर विकास विभाग ने चाकदह नगरपालिका बोर्ड को भंग करने और प्रशासक नियुक्त करने का निर्देश जारी किया है। यह निर्णय विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले लिया गया है, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया है।
दरअसल, गत 17 नवंबर को स्थानीय स्कूलों और व्यापारिक संगठनों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता, विशेष रूप से 21 वार्डों में सड़कों पर जमा कचरा और जल निकासी व्यवस्था सहित कई मुद्दों का उल्लेख किया गया था।
शिकायत मिलते ही नगर विकास विभाग ने तत्परता दिखाई और चाकदह नगरपालिका के 21 पार्षदों को सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। हालांकि, पार्षदों द्वारा दिए गए जवाब से अधिकारी संतुष्ट नहीं हुए।
कल्याणी के महकमा अधिकारी डॉ. अभिजीत सामंत को चाकदह नगरपालिका का प्रशासक नियुक्त किया गया है। डॉ. सामंत ने कहा कि एक निर्देश आया है। बुधवार से मैं चाकदह नगरपालिका के प्रशासक के रूप में कार्यभार संभालूंगा।
अगले छह महीनों तक या जब तक नया बोर्ड गठित नहीं हो जाता, तब तक डॉ. सामंत प्रशासक के रूप में कार्य करेंगे।
नगरपालिका के वाइस चेयरमैन देबब्रत नाग ने कहा कि पुस्तक मेला चल रहा है इसलिए अभी देखने का मौका नहीं मिला, लेकिन घटना के बारे में सुना है। अब हम सामान्य नागरिक और राजनीतिक व्यक्ति के रूप में लोगों के साथ रहेंगे।
चाकदह थाना मोड़ व्यापारी संघ के महासचिव राजू घोष ने कहा कि चाकदह नगरपालिका की सेवाएं लंबे समय से खस्ताहाल हैं। हमने नगरपालिका से लेकर प्रशासनिक स्तर पर बार-बार बताया था। कोई परिणाम न मिलने पर मजबूरन नगर विकास विभाग को पत्र लिखा गया।
व्यापारी संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों का कहना है कि लंबे समय तक लिखित और मौखिक रूप से नगरपालिका को सूचित करने के बावजूद कोई परिणाम नहीं मिला, जिसके कारण यह पत्र भेजना पड़ा।
आम लोग भी प्रशासक की नियुक्ति से खुश हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि अब नागरिक सेवाओं में सुधार होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय



