यमुनानगर: राजनीति में समय-समय पर बदलाव आते रहते है: रणजीत चौटाला

यमुनानगर, 7 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार में पूर्व मंत्री रणजीत सिंह चौटाला संगठन को मजबूत करने व कार्यकताओं से मिलने यमुनानगर पहुंचे।

भाजपा सरकार में पूर्व मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने शनिवार को जगाधरी के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस के प्रचार, कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि भले ही हरियाणा में चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने पहले से ही प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे राहुल गांधी की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि सामान्य राजनीतिक स्थिति की बात कर रहे हैं। उनका कहना था कि राजनीति में समय-समय पर बदलाव आते हैं।

आज भारतीय जनता पार्टी एक तरफ है और कांग्रेस दूसरी तरफ। वे लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं और जनता का मूड जानने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं सभी जिलों में जाकर लोगों की राय ले रहा हूँ, उनसे रायशुमारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने यमुनानगर में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सैनी को अभी समय देना चाहिए।

हरियाणा की भौगोलिक स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र दिल्ली से सटा हुआ है और एनसीआर का हिस्सा है। यहाँ यूपी, बिहार और अन्य राज्यों से लोग आते हैं, और इस 145 करोड़ की आबादी वाले देश में अपराध की घटनाएँ कभी-कभी होती रहती हैं। लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को नियंत्रित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

   

सम्बंधित खबर