नागरिकों को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लिए सरकार प्रतिबद्ध : नायब सैनी
- Admin Admin
- Apr 05, 2025

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया कैमरी रोड पर स्थित जलघर का निरीक्षणहिसार, 5 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि सरकार आमजन को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति करने के लिए प्रतिबद्ध है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि लोगों के घरों तक स्वच्छ पानी पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को हिसार दौरे के दौरान कैमरी रोड पर स्थित जलघर का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने वहां पर जलापूर्ति के संबंध में अधिकारियों से जवाब तलब किया। मुख्यमंत्री ने जलघर के टैंक की साफ सफाई का भी मुआयना किया और अधिकारियों को जलघर के टैंक और पूरे परिसर में स्वच्छता पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जलघर के ट्रीटमेंट प्लांट को भी देखा। इस अवसर पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने अवगत करवाया कि कैमरी रोड स्थित जलघर में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट काफी पुराना हो चुका था, जो 9 एमएलडी का था। अब उसके स्थान पर यहां 15 एमएलडी का प्लांट स्थापित किया गया है, जिसका फिलहाल ट्रायल रन चल रहा है। उन्होंने बताया कि शहर की लगभग 20 से 25 प्रतिशत आबादी को इस जलघर से जलापूर्ति की जाती है। औचक निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के आवास पर भी गए और वहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से स्थानीय विषयों पर चर्चा की।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, हिसार विधायक सावित्री जिंदल, नलवा विधायक रणधीर पनिहार, हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, अशोक मित्तल, रणधीर सिंह धीरू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर