चिरांद महोत्सव के मुख्य अतिथि होंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी: श्रीराम तिवारी

सारण, 10 जून (हि.स.)। चिरांद ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी चिरांद में आगामी 29 जून को आयोजित होने वाले चिरांद चेतना महोत्सव एवं गंगा गरिमा रक्षा संकल्प समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

चिराग विकास परिषद के सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि आगामी 29 जून को आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति प्राप्त होने के बाद पूरे क्षेत्र के नागरिकों और प्रबुद्ध समाज में हर्ष का माहौल है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संदेश में कहा कि गंगा, सरयू और सोन नदियों के पवित्र त्रिवेणी संगम पर अवस्थित चिरांद भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पुरातात्विक विरासत का एक अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है।

उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम एवं लक्ष्मण के आगमन की पावन स्मृतियों और मान्यताओं को समेटे हुए यह पौराणिक क्षेत्र भविष्य में सतत विकास तथा सांस्कृतिक व ऐतिहासिक संरक्षण का एक आदर्श मॉडल बन सकता है।

चिरांद विकास परिषद के अनुसार इस त्रिवेणी तट पर आयोजित होने वाले महोत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की प्राचीन और ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है। इसके साथ ही स्थानीय पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण के प्रति आम जनता में जागरूकता फैलाना तथा पर्यावरण संतुलन के लिए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना भी कार्यक्रम का मूल लक्ष्य है।

इस समारोह के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों द्वारा गंगा संरक्षण, स्वच्छता अभियान और पर्यावरणीय संतुलन को लेकर सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा। चिरांद विकास परिषद के सचिव श्रीराम तिवारी ने क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महासंगम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को पूरी तरह सफल बनाने की अपील की है।

   

सम्बंधित खबर