सांसद जोशी बोले चित्तौड़ में जल्द शुरू होगा वर्ल्ड क्लास स्टेशन का कार्य

चित्तौड़गढ़, 15 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन शनिवार शाम को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने किया। 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के विषय पर लगी प्रदर्शनी में सांसद ने 60 साल बनाम 12 साल की तुलना करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने विकास की कई सौगातें दी हैं।

शहर में स्थित सूचना एवं जन संपर्क कार्यालय में सांसद सीपी जोशी ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में सांसद जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर शीघ्र ही वर्ल्ड क्लास स्टेशन का कार्य शुरू होगा। इससे चित्तौड़ स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके साथ ही बाईपास की सेक्शन भी आने वाली है। उन्होंने बताया कि संसदीय क्षेत्र में रेल लाइन का विद्युतीकरण और दोहरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। सांसद ने कहा कि 60 सालों में जन धन खाते, शौचालय, उज्ज्वला कनेक्शन, किसान सम्मान निधि, समग्र शिक्षा अभियान जैसे काम हुए हैं। लेकिन आंकड़े और दावे के साथ कह सकता हूं कि 60 सालों के मुकाबले 12 साल में ज्यादा काम हुए हैं। मेडिकल कॉलेज, फोरलेन से सिक्सलेन जैसे काम हुए हैं। केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि सरकार हर 7 दिन में एक यूनिवर्सिटी और हर दिन में दो डिग्री कॉलेज सेक्शन करती है। 10 सालों में दुर्ग पर भी कई विकास के काम हुए हैं। प्रदर्शनी के उद्घाटन के दौरान सांसद सीपी जोशी के अलावा जिला कलक्टर डॉ मंजू, भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, गोपाल चौबे, भोलाराम प्रजापत, नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, अनिल ईनाणी, नवीन पटवारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

दुर्ग पर हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सांसद ने बताया कि आगामी दिनों में केंद्र की देश योजना के तहत 108 करोड़ के कार्य आने वाले हैं। इसमें पर्यटकों की सुविधा के लिए कई विकास कार्य होंगे। दुर्ग पर हुई अतिक्रमण की कार्रवाई पर बोले कि समय के अनुसार कार्य होते हैं। आगे भी अतिक्रमण हटेंगे। जब मंशा सही हो तब ठीक काम होते हैं। शुरुआत हुई है, आगे-आगे देखते जाइए।

---------------

   

सम्बंधित खबर