विकसित भारत के संकल्प को लेकर ठाकुरगंज में सम्मेलन, जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
किशनगंज, 15 जून (हि.स.)। ठाकुरगंज नगर क्षेत्र स्थित हरिगोरी सभागार में विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आयोजित सम्मेलन में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला प्रवक्ता कौशल किशोर यादव ने की।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें जागरूक करने की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम को पूर्व मंत्री हरि साहनी, बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह लक्खा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सोनी देवी तथा नगर अध्यक्ष अतुल सिंह सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में जनसहभागिता की अहम भूमिका पर बल देते हुए किया गया।

