कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी का विरोध: मध्य प्रदेश के मंत्री व भाजपा नेता विजय शाह का कांग्रेसियों ने किया पुतला दहन

धमतरी, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंत्री व भाजपा नेता विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में आज गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय शाह का पुतला दहन किया। विजय के खिलाफ जमकर नारेबाज की गई।

गांधी मैदान धमतरी में आयोजित विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने मंत्री विजय शाह को बर्खास्त कर उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शरद लोहाना ने कहा कि मंत्री शाह ने सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने इसे देश की बेटियों का अपमान बताया। भाजपा संगठन को सेना का अपमान करने वाले मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह, जो देश की बहादुर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी जिन्होंने आपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाई उसे पहलगाम आतंकी हमला करने वाले आतंकवादियों का बहन बता रहे हैं। मुझे लगता है इससे देशद्रोही व्यक्ति शायद ही कोई हो । इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शरद लोहाना, विधायक ओंकार साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व महापौर विजय देवांगन, जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोपाल प्रसाद शर्मा, विजय प्रकाश जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर