बागपत की खेकड़ा पुलिस की मुठभेड़ में बदमाश घायल

बागपत, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस की इनामी बदमास के साथ मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ के दौरान फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी खेकड़ा में भर्ती कराया गया है। बदमाश पर 10 से ज्यादा मुकदमें बताए गए है।

पुलिस ने बताया कि थाना खेकड़ा पुलिस बीती रात क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान बड़ा गांव से मुबारिकपुर लिंक रोड पर पुलिस की संदिग्ध व्यक्ति से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नईम पुत्र अख्तर, निवासी फरूखनगर थाना टीला मोड़ जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष है। बताया गया कि पुलिस टीम को देखकर अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें नईम के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक नईम शातिर अपराधी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने और किराये के मकान बदलता रहता था। उसके खिलाफ गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत जनपद में विद्युत चोरी, आयुध अधिनियम, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश को खेकड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया है। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि पकड़े गए बदमाश पर गाजियाबाद बुलंदशहर खेकड़ा सहित कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज मिले हैं। 10 से ज्यादा मुकदमे अभी तक सामने आए हैं। पकड़े गए बदमाश को कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर