गुवाहाटी के रानी में सीआरपीएफ की 175वीं बटालियन का 23वां स्थापना दिवस मनाया गया

रानी में सीआरपीएफ की 175वीं बटालियन का 23वां स्थापना दिवस मनाया गया

गुवाहाटी, 21 जून (हि.स.)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 175वीं बटालियन का 23वां स्थापना दिवस आज पश्चिम गुवाहाटी के रानी स्थित बटालियन के मुख्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया।

सुबह, 175वीं सीआरपीएफ के कमांडेंट राजीव कुमार झा ने बल के वीर शहीद जवानों और अधिकारियों की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित कर स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित समारोह में 175वीं बटालियन के सेकेंड-इन-कमांड अमित सिन्हा और मुकुंद मोहन, डिप्टी कमांडेंट अमित जोशी और विराट कुमार सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार सहित बल के सभी अधिकारियों और जवानों ने वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा के बाद बटालियन मुख्यालय के सभागार में 'सैनिक सम्मेलन' का आयोजन किया गया, जिसे कमांडेंट राजीव कुमार झा ने संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने सीआरपीएफ बल के गठन के लक्ष्यों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और सभी को कड़े अनुशासन का पालन करने का आह्वान किया।

शाम को स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कमांडेंट राजीव कुमार झा सहित बल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा, बल के कई अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य, गीत और लघु नाटिकाएं (आलेख्य) प्रस्तुत कर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर