विधानसभा अध्यक्ष से मिली सिंथिया मैककैफ़्री

रांची, 16 मई (हि.स.)। विधानसभा अध्यमक्ष रबींद्रनाथ महतो से यूनिसेफ की भारतीय प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ़्री ने शुक्रवार को उनके कार्यालय कक्ष में भेंटवार्ता किया। उन्होंने झारखंड में यूनिसेफ की ओर से बच्चों के लिए चल रहे कल्याण के कार्यक्रमों एवं भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

मैककैफ़्री ने झारखंड में सकारात्मक कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि गिरिडीह से पश्चिमी सिंहभूम तक हमारी साझेदारी के सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से दिख रहे हैं।

बच्चों और युवाओं को सशक्त बनाना, विश्वविद्यालय को बच्चे के मुद्दे से जोड़ना एवं विभिन्न समुदायों को इस पहल में सक्रिय रूप से शामिल करना हमारी महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है।

उन्होंने कहा कि हम मिलकर युवाओं की क्षमता को परिवर्तन के वाहक के रूप में सशक्त बना रहे हैं। बच्चे से जुड़े मुद्दे पर प्रभावी संवाद स्थापित कर रहे हैं।

मैककैफ़्री ने बाल अधिकारों के संदेश के प्रचार-प्रसार और विभिन्न माध्यमों से बालकों के लिए अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देने में विधानसभा अध्यक्ष के निरंतर सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने यूनिसेफ़ के झारखंड में चल रही बाल केंद्रित नीतियों और कार्यक्रमों की सराहना की तथा अपेक्षित सहयोग के लिए आश्वस्त भी किया।

इस अवसर पर झारखंड के यूनिसेफ प्रमुख डॉक्टर कनिका मित्रा और आस्था अलंग भी उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

   

सम्बंधित खबर