भागलपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र स्थित एक कुएं से एक महिला का शव बरामद हुआ है। शव की बरामदगी मंगलवार देर रात हुई।
मृतका की पहचान चन्नो गांव निवासी 20 वर्षीय मिरचो देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति के बुलाने के बाद वह घर से निकली थी, लेकिन देर रात उसका शव गांव के पास स्थित एक कुएं से बरामद हुआ।
घटना के बाद परिवार ने पति समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही रसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजन की ओर से मिले आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मृतका मिरचो कुमारी की शादी करीब दो वर्ष पहले सनोखर थाना क्षेत्र के वालीपुर सोहायल निवासी परमानंद यादव से हुई थी। दंपती की एक छोटी बेटी भी है। कुछ समय से मिरचो अपने मायके चन्नो गांव में रह रही थी।
---------------

