दीपिका हत्या मामले में परिजनों ने ससुर सहित परिजनाें पर लगाए कई गंभीर आरोप, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

नोएडा, 19 मई (हि.स.)। नगर के जलपुरा गांव में दहेज के लिए हुई दीपिका नागर की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई है। डॉक्टरों ने मृतका का बिसरा सुरक्षित रख लिया है ताकि इस बात की जानकारी की जा सके कि उसे कहीं जहरीला पदार्थ तो नहीं दिया गया था। दीपिका के परिजनों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है।

रविवार की देर रात को हुई इस घटना के बाद दीपिका (24) के पति ऋतिक और ससुर मनोज को इकोटेक-3 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही पुलिस ने दीपिका के परिजनों ने उसके ससुर पर लगाए गए आरोपों की जांच करने की बात कही है। जानकारी के अनुसार दीपिका नागर के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उसके बाएं नथुने और मुंह से ब्लीडिंग हुई है। रिपोर्ट में कहा गया कि ब्रेन के बीच और बाएं हिस्से में हेमेटोमा (बड़ी ब्लड वेसल से खून का रिसाव) था। लिवर स्पलीन और दाहिनी किडनी फट गई थी। रिपोर्ट में हाथ और जांघ पर चोटों का जिक्र है।

दीपिका के परिजनों ने कई गंभीर आरोप लगाएं हैं। उन्होंने इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए बेटी के ससुरालियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग की है। दीपिका के परिजनों का दावा है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि ससुराल वालों पर मारपीट के बाद बेटी को छत से फेंकने का आरोप लगाया। मृतका के पिता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपिका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे पता चलता है कि छत से फेंकने से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि घटना से पहले, उस दिन मैं उनके घर गया था। जब मैं वहां पहुंचा तो बेटी पूरी तरह ठीक थी, लेकिन वहां से आने के आधे घंटे बाद मुझे अनहोनी का फोन आया। मृतका के पिता ने अपनी बेटी के ससुर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उसका ससुर एक भूमाफिया है, जिसके खिलाफ 20 से ज्यादा मामले लंबित हैं। अगर हमें इस बारे में पहले से पता होता, तो हम बेटी की शादी कभी वहां पर नहीं करते।

मृतका के चाचा विशेष नागर ने भी कहा कि 'हमें शुरू में इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसके ससुर ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करते हुए संपत्ति बना रखी है। मृतका के चाचा ने मेडिकल जांच का हवाला देते हुए कहा कि 'दीपिका के शरीर पर कोई फ्रैक्चर नहीं मिला है, बल्कि उसके शरीर पर बहुत सारे चाेट के निशान मिले हैं, जिन्हें देखकर ऐसा लगता है कि उसके साथ खूब मारपीट की गई थी।' उन्होंने बताया कि 'दीपिका के पेट के पास एक बड़ी चोट भी मिली है, जो कि किसी गोली या चाकू के निशान से मिलती जुलती लग रही है। उन्होंने कहा कि उसके सिर में भी गहरे चोट का निशान है। दीपिका के चाचा ने बताया कि यह हत्या का मामला है, उसे क्रूरतापूर्वक प्रताड़ित किया गया था। उन्हाेंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हैं कि इन लोगों को दंडित करें।

मृतका की मां सरोज ने कहा कि वह बहुत परेशान थी। मैं असहाय थी क्योंकि उसके ससुराल वालों ने उसे कभी मायके नहीं आने दिया। वे एक कार की मांग कर रहे थे। मेरी बेटी को न्याय मिलना चाहिए। दीपिका की बहन सारिका ने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले मेरी उससे बात हुई थी। बातचीत के दौरान उसने कहा था कि उसके ससुराल वाले उसे और दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। मैं उनका एनकाउंटर चाहती हूं।'

उल्लेखनीय है कि दीपिका की शादी करीब डेढ़ साल पहले जलपुरा गांव के निवासी ऋतिक से हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को घटना के अगले दिन गिरफ्तार कर लिया है और फरार पांच अन्य आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। ---------------

   

सम्बंधित खबर