खरसिया को विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ 82 लाख 47 हजार रुपये की स्वीकृति
- DSS Admin
- Jun 12, 2026
रायगढ़ , 12 जून (हि.स.)। नगर पालिका परिषद खरसिया को वित्तीय वर्ष 2026-27 में पेयजल एवं अधोसंरचना विकास कार्यों के लिए राज्य शासन द्वारा 4 करोड़ 82 लाख 47 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से खरसिया नगर में तीन नए उच्च स्तरीय पानी टंकी (ओवरहेड टैंक), संपवेल निर्माण, इंटेकवेल पहुंच मार्ग, सीसी सड़क एवं आर.सी.सी. नाली सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री गर्ग ने कहा कि यह स्वीकृति खरसिया नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आगामी गर्मी से पूर्व सभी स्वीकृत ओवरहेड टैंकों का निर्माण पूर्ण कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे नगरवासियों को पर्याप्त एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

