सोरिद आंगनबाड़ी में किशोरियों को लगा एचपीवी टीका, स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
धमतरी, 10 जून (हि.स.)। महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को सोरिद स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 14 एवं 15 वर्ष की किशोरियों का एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन ने सहभागिता करते हुए किशोरियों और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी टीका गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में प्रभावी भूमिका निभाता है और किशोरियों को समय पर टीकाकरण कराना आवश्यक है। कार्यक्रम में महिला आयोग समिति के सदस्यों ने भी किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं शिक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। कौशिल्या देवांगन ने कहा कि किशोरियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा समाज की प्राथमिकता है तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और टीकाकरण कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन कुंती, सुनीता, स्वास्थ्य विभाग का अमला, महिला आयोग समिति के सदस्य, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। किशोरियों के स्वास्थ्य जागरूकता और सुरक्षित भविष्य की दिशा में यह आयोजन एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

