डीएम ने जीविका दीदी के ग्रामीण हाट का शुभारंभ किया

सहरसा, 10 जून (हि.स.)। ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के माखर पंचायत में मनरेगा के सौजन्य से निर्मित जीविका दीदी का ग्रामीण हाट का बुधवार को उद्घाटन जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार एवं उप विकास आयुक्त गौरव कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि जीविका हाट ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां अपने उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाकर बेहतर आय अर्जित कर सकेंगी। साथ ही स्थानीय लोगों को ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री अपने गांव के निकट ही उपलब्ध होगी।यह ग्रामीण हाट सप्ताह में दो दिन संचालित होगा, जहां जीविका दीदियां ताजी सब्जियां, फल, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा अन्य स्थानीय उत्पादों का विक्रय करेंगी। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जीविका दीदियों से संवाद स्थापित कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर डीआरडीए डायरेक्टर पुलक कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक श्लोक कुमार, बीपीएम सिमरी बख्तियारपुर, स्थानीय मुखिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं 200 से अधिक जीविका दीदियां उपस्थित रही । कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल को ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

   

सम्बंधित खबर