मेवात से दिल्ली पहुंच रहे थे अवैध हथियार, दो आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। राजधानी में अपराधियों तक अवैध हथियार पहुंचाने वाले मेवात आधारित हथियार सप्लाई नेटवर्क का द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपित दिल्ली-एनसीआर के अपराधियों को हथियार सप्लाई करते थे।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने मंगलवार काे बताया कि सितंबर 2025 में स्पेशल स्टाफ ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर मथुरा निवासी कुंवर पाल उर्फ कपिल को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से आठ देशी कट्टे और दस जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। इस संबंध में बाबा हरिदास नगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह मेवात क्षेत्र के हथियार सप्लायर हरमेश सिंह उर्फ रमेश सिंह उर्फ मेचू के कहने पर दिल्ली में हथियार पहुंचाने आया था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने अदालत से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी कराए। पुलिस उपायुक्त के अनुसार करीब आठ महीने बाद 18 मई को स्पेशल स्टाफ की टीम ने राजस्थान के डीग जिले के जुरहेड़ा गांव में छापेमारी कर हरमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक अत्याधुनिक पिस्टल, पांच देशी कट्टे और दस जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित हरमेश सिंह पहले से पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और हथियार खरीदने वालों की तलाश में जुटी है। पुलिस उपायुक्त का कहना है कि राजधानी में अवैध हथियारों की सप्लाई रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर