पश्चिम मेदिनीपुर में विक्षिप्त युवती से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार

पश्चिम मेदिनीपुर, 18 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन क्षेत्र में एक विशेष रूप से सक्षम (मानसिक विक्षिप्त) युवती के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित संजय भुइयां को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बेलदा थाना क्षेत्र के दांतन-दो ब्लॉक में सोमवार देर रात पीड़िता अपने घर में सो रही थी। आरोप है कि संजय भुइयां नामक युवक जबरन घर में घुसा और युवती को अगवा कर पास के एक सुनसान जंगल में ले गया। वहां आरोपित ने युवती के साथ दुष्कर्म किया।

रात में युवती के परिजनों ने उसे घर में नहीं पाया तो काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह युवती गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में पास के जंगल से बरामद हुई। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलदा थाना और जोड़ागेड़िया पुलिस चौकी की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने मंगलवार रात स्निफर डॉग की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपित संजय भुइयां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बुधवार को आरोपित को दांतन एसीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर