सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को जान से मारने की धमकी

बांसवाड़ा, 15 जून (हि.स.)। बांसवाड़ा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को कथित तौर पर बंदूक की नोक पर जान से मारने की धमकी दी गई और उनकी पैतृक जमीन हड़पने का प्रयास किया गया। इस पूरी घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तेजपुर के रहने वाले पीड़ित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रितिक राठौर ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, घटना 12 जून की है जब रितिक अपनी पैतृक जमीन पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी नृपजीत सिंह, सुमित पटेल और ऋतु चौहान अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वहां धमक पड़े।

आरोप है कि नृपजीत सिंह अपने हाथ में दोनाली बंदूक लेकर आया था। उसने रितिक और उनके परिवार पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया। जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित का आरोप है कि दबंगों ने न केवल उन्हें बंदूक दिखाई, बल्कि उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित भी किया। इसके अलावा, आरोपियों ने अपने ऊंचे राजनीतिक और पुलिस संपर्कों का हवाला देते हुए पीड़ित परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धौंस दी।

रितिक राठौर का कहना है कि इस खौफनाक वारदात के बाद से उनका पूरा परिवार डर के साये में जीने को मजबूर है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले नृपजीत सिंह एवं अन्य लोगों ने भी ऋतिक राठौड़ के खिलाफ भी पुलिस में मामला दर्ज कराया है। इस मामले को लेकर थानाधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दी गई है। जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी

---------------

   

सम्बंधित खबर