दिल्ली पुलिस में बड़े स्तर पर तबादले, 4,889 कर्मियों का हुआ ट्रांसफर
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने बड़े पैमाने पर तबादले करते हुए 4,889 पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर आदेश जारी किए हैं। इनमें 3,133 कांस्टेबल और 1,756 हेड कांस्टेबल शामिल हैं। ये तबादले संबंधित इकाइयों में निर्धारित कार्यकाल पूरा होने के बाद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी तबादला आदेश सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली के जरिए जारी किए गए हैं, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके। नई व्यवस्था के तहत फ्रंटलाइन यूनिट्स में कार्यरत पुलिसकर्मियों को स्पोर्ट यूनिट्स में भेजा गया है, जबकि स्पोर्ट यूनिट्स में तैनात कर्मियों को फ्रंटलाइन जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस अदला-बदली का उद्देश्य विभिन्न इकाइयों के बीच कार्य अनुभव का संतुलन बनाना और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि ये तबादले हाल ही में लागू किए गए नए स्टैंडिंग ऑर्डर के तहत किए गए हैं। नई नीति का मकसद लंबे समय से एक ही यूनिट में तैनात कर्मियों के नियमित रोटेशन को सुनिश्चित करना और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना है।
अधिकारियों के मुताबिक, नई ट्रांसफर व्यवस्था से पुलिसकर्मियों को विभिन्न प्रकार की जिम्मेदारियों का अनुभव मिलेगा, जिससे उनकी कार्यकुशलता में सुधार होगा। साथ ही, इससे विभिन्न इकाइयों में मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। दिल्ली पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मियों के तबादले इसी सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली के माध्यम से किए जाएंगे।
---------------

