अपडेट-यमुनानगर में पति ने की पत्नी की हत्या, हादसा बताकर पुलिस काे किया गुमराह
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
यमुनानगर, 17 जून (हि.स.) यमुनानगर जिले के छप्पर थाना क्षेत्र स्थित गधौला गांव में 50 वर्षीय महिला की मृत्यु के मामले में नया खुलासा होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के दौरान महिला की जान लेने के बाद घटना को दुर्घटना का रूप देकर वास्तविकता छिपाने का प्रयास किया गया।
मृतका महिंद्रो देवी गांव गधौला निवासी दर्शन लाल की पत्नी थीं। परिजनों के अनुसार दंपति के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे और मंगलवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान महिंद्रो देवी की मौत हो गई। परिवार के सदस्यों का कहना है कि घटना के बाद उन्हें फोन पर बताया गया कि महिंद्रो देवी पानी की टंकी में गिर गई थीं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे तो महिला का शव घर के बरामदे में पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार शव पर मिले कुछ निशानों और कान से रक्तस्राव को देखकर उन्हें घटना पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। महिंद्रो देवी की गोद ली हुई बेटी प्राची ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी मौसी की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उसे गोद लिया गया था। उसने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे और इसी कारण महिंद्रो देवी कुछ समय के लिए मायके भी चली गई थी। मामला न्यायालय तक पहुंचा था, हालांकि वर्ष 2025 में वह पुनः अपने पति के साथ रहने लगी थी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए जगाधरी के नागरिक अस्पताल भेजा गया है।
थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी पति के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है तथा उसकी तलाश जारी है। थाना प्रभारी का कहना है कि जांच और पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
---------------

