मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान का घर-घर जाकर सत्यापन
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
नैनीताल, 01 जुलाई (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सभी राजनीतिक दलों, नागरिकों और युवाओं से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही रूप से दर्ज हो सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में डिजिटलीकरण के कार्य के साथ-साथ बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा उन गणना प्रपत्रों का भी पुनः सत्यापन किया जा रहा है, जिन्हें पूर्व में वास्तविक स्थिति के आधार पर ‘अन-कलेक्टेबल’ श्रेणी में चिह्नित किया गया था। अभियान के तहत मतदाताओं के निवास स्थलों का सत्यापन, मैपिंग का डिजिटलीकरण तथा निर्वाचन अभिलेखों को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने का कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकारी एवं कर्मचारी घर-घर जाकर सत्यापन कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जनपद के सभी राजनीतिक दलों, सम्मानित नागरिकों और युवाओं से बूथ स्तर पर चल रहे सत्यापन अभियान में निर्वाचन विभाग के साथ समन्वय एवं सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय सहभागिता से ही मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय, पारदर्शी और अद्यतन बनाया जा सकेगा, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

