पंचकूला डबल मर्डर: जन्म पार्टी से लौटते युवक की हत्या, दोस्त का शव भी बरामद
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
चंडीगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। पंचकूला में शुक्रवार रात रंजिश के चलते हुए दोहरे हत्याकांड ने सनसनी फैला दी है। सेक्टर-19 में नामकरण समारोह से लौट रहे एक युवक संजीत की हत्या के कुछ घंटे बाद ही उसके दोस्त अर्जुन का शव भी उसी स्थान से बरामद हुआ है। पुलिस इस उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और पुरानी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, संजीत के घर 6 दिन पहले बेटे का जन्म हुआ था। परिवार ने इस खुशी में सेक्टर-19 में नामकरण समारोह और पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी के दौरान संजीत किसी काम से अभयपुर चला गया। लौटते समय कुछ युवक उसका पीछा करने लगे। खतरे का आभास होने पर संजीत ने अपने रिश्तेदार विपिन को फोन कर बताया कि कुछ लडक़े उसका पीछा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही विपिन ने अन्य परिजनों को जानकारी दी और सभी उसकी तलाश में निकल पड़े।
तलाश के दौरान सेक्टर-19 इंडस्ट्रियल एरिया के अंडरपास के पास संजीत गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-19 पुलिस चौकी, सेक्टर-20 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कुछ घंटे बाद उसी स्थान से अर्जुन का शव मिलने के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। दोनों मौतों के बीच क्या संबंध है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।
---------------

