भीषण गर्मी में पेयजल संकट पर फूटा गुस्सा, पीएचईडी अधिकारी का घेराव
- DSS Admin
- May 19, 2026
बीकानेर, 19 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच सुजानदेसर, खुद खुदा डेरा, सलागनाथ जी का डेरा एवं आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों से ठप पड़ी पेयजल आपूर्ति को लेकर आमजन का आक्रोश खुलकर सामने आया। क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से मुख्य पेयजल पाइपलाइन कट जाने के कारण हजारों लोग पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। समस्या से त्रस्त नागरिकों ने जलदाय विभाग (पीएचईडी) के जेईएन अजय कुमार चौधरी का घेराव कर तत्काल समाधान की मांग उठाई।
इससे पूर्व क्षेत्रवासियों और प्रबुद्धजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा शहर जिला महामंत्री एवं पूर्व उपमहापौर राजेंद्र पंवार तथा गोपेश्वर मंडल अध्यक्ष प्रेम गहलोत ने प्रशासन और संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के मुख्य पाइपलाइन को काट देना जनता के मूल अधिकारों के साथ अन्याय है। भीषण गर्मी में जब पानी की आवश्यकता सबसे अधिक है, तब हजारों परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं और निजी टैंकरों पर अतिरिक्त खर्च उठाने को मजबूर हैं।
किसान मोर्चा जिला मंत्री नेमीचंद गहलोत ने चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों के नाम पर जनता को प्यासा रखना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन कटने के कई दिनों बाद भी मरम्मत कार्य पूरा नहीं होना विभागीय लापरवाही का स्पष्ट प्रमाण है। क्षेत्रवासियों द्वारा समस्या की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक जेठानन्द व्यास ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जलदाय विभाग के अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए तथा प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र जलापूर्ति बहाल करने को कहा।
इस अवसर पर मुकेश बन, गोपीकिशन गहलोत, दीपक गहलोत, शिव गहलोत, पवन सांखला सहित क्षेत्र के सैकड़ों वार्डवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही और शीघ्र समाधान की मांग की।
---------------

