नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। पूर्वी जिले के मंडावली इलाके में लगातार हो रही चोरी और सेंधमारी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से चोरी की नकदी, चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन, सिलाई मशीन, चार चोरी की वॉटर मोटर, गैस सिलेंडर और जरूरी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपित इलाके में कई चोरी और सेंधमारी की वारदातों में शामिल रहे हैं।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को बताया कि 14 मई 2026 को मंडावली थाने में ई-एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसमें बुद्धा मार्ग स्थित एक घर से नकदी, चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन और सिलाई मशीन चोरी होने की शिकायत दी गई थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इलाके में पानी की मोटर और मीटर चोरी की कई अन्य घटनाएं भी हुई थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मंडावली पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपितों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पश्चिम विनोद नगर निवासी 29 वर्षीय अभिषेक और मंडावली निवासी 26 वर्षीय अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने इलाके में कई चोरी और सेंधमारी की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर एक बड़ा बॉक्स बरामद किया गया, जिसमें चोरी की नकदी, चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन और सिलाई मशीन रखी हुई थी। इसके अलावा दूसरी ई-एफआईआर में चोरी हुई पांच में से चार वॉटर मोटर भी बरामद कर ली गईं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक आधार कार्ड, पासपोर्ट और गैस सिलेंडर भी बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित अभिषेक पहले से पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जबकि अर्जुन पर भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।
---------------

