ग्रेज्युटी भुगतान के लिए एक लाख रुपये रिश्वत लेते कर्मचारी गिरफ्तार

धमतरी, 17 जून (हि.स.)। ग्रेज्युटी भुगतान के लिए फाइल आगे बढ़ाने एक लाख रुपये रिश्वत लेते जल संसाधन विभाग अंतर्गत विद्युत यांत्रिकी भारी संयंत्र संभाग रूद्री के प्रोग्रेस मेन को एसीबी की टीम ने उसके ही घर में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पूछताछ व जांच की प्रक्रिया टीम के अधिकारियों ने पूरी की। तत्पश्चात रिश्वतखोर कर्मचारी को एसीबी ने जेल भेज दिया है।

विभागीय जानकारी के अनुसार जल संसाधन विभाग के अंतर्गत कार्यालय कार्यपालन अभियंता विद्युत यांत्रिकी भारी संयंत्र संभाग रूद्री में पदस्थ कर्मचारी प्रोग्रेस मेन लकेश्वर साहू को विभागीय स्तर पर लिपिकीय कार्यों की भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जो कर्मचारियों के ग्रेज्युटी राशि वितरण शाखा को भी देख रहा था। इस दौरान प्रोग्रेस मेन लकेश्वर साहू ने अपने ही विभाग के कर्मचारी संतोष सोनकर के ग्रेज्युटी राशि के फाइल को आगे बढ़ाने उनके पुत्र गुमान सिंह से एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। इससे वह परेशान हो गया था। ऐसे में उन्होंने ग्रेज्युटी राशि के लिए एक लाख रुपये रिश्वत मांगने की सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो तक पहुंचाई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

शिकायतकर्ता गुमान सिंह को आरोपित कर्मचारी के संपर्क में भेजा गया। आरोपित ने रिश्वत की रकम लेने के लिए शिकायतकर्ता को 17 जून को अपने कर्मा नगर धमतरी स्थित निवास पर बुलाया था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने एक लाख रुपये की राशि आरोपित कर्मचारी लकेश्वर साहू को सौंपा, तो पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों उसके ही घर में पकड़ लिया। एसीबी ने कर्मचारी के कब्जे से 50-50 हजार रुपये की दो गड्डियां समेत कुल एक लाख रुपये जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपित को पूछताछ के लिए पीडब्लयूडी रेस्ट हाउस धमतरी में लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसीबी टीम का नेतृत्व कर रहे निरीक्षक मनीष तंबोली ने आज बताया कि जल संसाधन विभाग के कर्मचारी आरोपित लकेश्वर साहू ने संतोष सोनकर की ग्रेच्युटी राशि के भुगतान के लिए उनके पुत्र गुमान सिंह से एक लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपित को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।

   

सम्बंधित खबर