विजिलेंस टीम ने डिप्टी सीएमओ श्रीनिवास यादव को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
इटावा, 10 जून(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में कानपुर से आई विजिलेंस टीम ने डिप्टी सीएमओ श्रीनिवास यादव को पचपन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों सीएमओ ऑफिस से गिरफ्तार किया है। डिप्टी सीएमओ को गिरफ्तार कर विजिलेंस टीम सिविल लाइन थाना लेकर गई और वहां घंटों लिखापढ़ी और विभागीय कार्यवाही करने के बाद कानपुर के लिए रवाना हो गई।
विजिलेंस टीम से रिश्वत मांगने की शिकायत करने वाले डॉक्टर नवीन कठेरिया ने बताया कि वह ऊसराहार क्षेत्र में श्री जी अल्ट्रासाउंड सेंटर खोलना चाहते थे जिसके लाइसेंस के लिए उन्होंने उन्होंने सीएमओ ऑफिस में आवेदन किया था। लाइसेंस के एवज में सीएमओ ऑफिस में तैनात डिप्टी सीएमओ श्रीनिवास यादव पिछले छह महीने के अंदर ढाई लाख रुपए की रिश्वत ले चुके हैं। और आज फिर पचपन हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर उनका शोषण किया जा रहा था। जिसकी शिकायत उन्होंने कानपुर यूनिट की विजिलेंस टीम से की थी। टीम के सदस्यों ने कानपुर से आकर उनकी गिरफ्तारी की है।
सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत सीएमओ ऑफिस से डिप्टी सीएमओ श्रीनिवास यादव को कानपुर से आई विजिलेंस टीम ने पचपन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है डिप्टी सीएमओ को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन में विधिक लिखापढ़ी करने के बाद उन्हें लेकर कानपुर रवाना हो गई है।
---------------

