भखारा में शिक्षा, कौशल विकास और जनसुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार : कलेक्टर
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
धमतरी, 11 जून (हि.स.)। कुरुद विकासखंड के भखारा क्षेत्र में शिक्षा, कौशल विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को भखारा पहुंचकर मिनी एजुकेशन सेंटर, लाइवलीहुड कालेज, स्किल सेंटर तथा छात्रावास परिसर का निरीक्षण किया और वहां संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और बेहतर जनसुविधाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला हैं। भखारा में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण तथा रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि लाइवलीहुड कॉलेज और स्किल सेंटर के माध्यम से स्थानीय युवाओं को उनकी रुचि और बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी। छात्रावास परिसर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
दौरे के दौरान नगर पंचायत भखारा स्थित तालाब के सुंदरीकरण की योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि तालाब का विकास केवल सुंदरीकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे नागरिकों के लिए एक आकर्षक और उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां चौपाटी, ओपन जिम, पाथ-वे सहित विभिन्न जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों को स्वास्थ्य, मनोरंजन तथा सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे सार्वजनिक स्थलों के विकास से लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलेगा, वहीं स्थानीय पर्यटन और छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

