हमीरपुर में मैगा मॉक एक्सरसाइज के दौरान 9 स्थानों पर चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
हमीरपुर, 15 जून (हि.स.)। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के तकनीकी सहयोग से सोमवार को आयोजित की गई 10वीं प्रदेशव्यापी मैगा मॉक एक्सरसाइज के दौरान जिले भर में लगभग 9 स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशनों को अंजाम दिया गया।
उपमंडल हमीरपुर के लिए दिए गए परिदृश्य के अनुसार मसियाणा चौक के पास भूकंप के कारण हुए भूस्खलन से मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान 30 घायलों को निकाला गया और गांव के कुल 263 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बहुतकनीकी कालेज के भवन में फंसे 215 लोगों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान 23 घायलों को मलबे से निकालकर मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया।
सुजानपुर के जोल प्लाही के लिए बाढ़ का परिदृश्य दिया गया था और इसमें एक घायल व्यक्ति का रेस्क्यू किया गया और 9 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। टीहरा में भूस्खलन से प्रभावित 15 लोगों और मिनी सचिवालय सुजानपुर में 150 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
उधर, नादौन के गांव कोहला के लिए भी बाढ़ का परिदृश्य दिया गया था। यहां 90 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया और 2 घायलों को राहत शिविर के लिए रवाना किया गया। गांव टिल्लू में भी भूस्खलन के कारण मलबे में फंसे 8 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इसी प्रकार, इंडोर स्टेडियम में फंसे लोगों को निकालने के लिए भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
---------------

