नकली शराब मामला : फरार आरोपित विनय सिंह ठाकुर पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
रायगढ़ 22 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चर्चित नकली शराब मामले में फरार आरोपित विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने 10 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि आरोपित की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले या सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस मामले में दो आरोपित पहले से गिरफ्तार हैं।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आज साेमवार काे जानकारी देते हुए बताया कि 8 जून को रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में नकली शराब के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ था। कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट, फर्जी लेबल और नकली होलोग्राम समेत बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई थी। मामले में आरोपित दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था, जिसने पूछताछ में अपने भाई सुभाष पटेल तथा विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार का संचालन करना स्वीकार किया था। आरोपित विनय सिंह ठाकुर फरार है।पुलिस ने आरोपित विनय सिंह ठाकुर के घर पर 17 जून काे नोटिस चस्पा कर उसे उपस्थित होने के निर्देश दिए थे, लेकिन वह अब तक गिरफ्तारी से बच रहा है। अब पुलिस उसकी चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाकर कुर्की की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। साथ ही आरोपित विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने 10 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि आरोपित की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले या सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------

