फरीदाबाद : बहू ने सास को बंधक बनाकर पीटा

थाना मुजेसर का फाइल फोटो


फरीदाबाद, 23 जून । थाना मुजेसर क्षेत्र स्थित संजय कॉलोनी में एक 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उनकी बहू ने पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरों और इंटरनेट कनेक्शन के तार काट दिए और फिर उसे कमरे में बंद कर मारपीट की। मंगलवार को मुजेसर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता राजवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह उम्रदराज हैं और रीढ़ की हड्डी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी दिक्कत होती है। उनकी देखभाल उनकी छोटी बेटी स्वाति करती है, जो अक्सर उनके साथ रहती है। महिला के अनुसार, उनके बेटे नरेंद्र की वर्ष 2012 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा है। 13 मई को उनकी बहू अंजू ठाकुर घर में आकर रहने लगी और तब से लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी। महिला को इस दौरान कई चोटें भी लग गईं, जिनको बीके अस्पताल में प्राथमिक इलाज दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि सुबह जब वह अपनी बेटी के घर से वापस लौटी, तो घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार कटे हुए मिले। इसके बाद जैसे ही वह अपने कमरे में पहुंची, उनकी बहू ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि उन्हें बाल पकडक़र खींचा गया तथा लात-घूंसो से पीटा गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उन्हें और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को झूठे मामलों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद महिला ने अपनी बेटी को पूरी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मेडिकल जांच में महिला के शरीर के कई हिस्सों में दर्द और चोट की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण भी किया, जहां सीसीटीवी के कटे हुए तार पाए गए। मुजेसर थाना इंचार्ज पूरन सिंह ने बताया कि शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर