फरीदाबाद : शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी, चार गिरफ्तार
- Vijesh Sharma
- Jun 04, 2026

फरीदाबाद, 04 जून । शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने उत्तरप्रदेश के प्रयागराज व लखनऊ से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान उत्तरप्रदेश निवासी अरविन्द यादव, पियुष सिंह, कृष्ण देव तथा सुजीत प्रताप सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों को गुरुवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-31 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 जनवरी 2026 को उसके पास व्हाट्सएप पर एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कम समय में अधिक मुनाफा कमाने के लिए शेयर बाजार में निवेश करने बारे बतलाया गया था। फिर शिकायतकर्ता को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां पर प्रतिदिन निवेश से होने वाले कथित मुनाफे के संदेश साझा किये जाते थे। उसका विश्वास जीतने के बाद ठगो ने उसका डिमैट अकाउंट खुलवाया तथा निवेश के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में कुल 11 लाख 92 हजार रुपए जमा करवा लिये। बाद में जब उसने मुनाफे सहित अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो ठगो ने उसका क्रेडिट स्कोर कम होने का बहाना बनाकर और धनराशि जमा करवाने बारे कहा गया। जिस पर उसे ठगी का एहसास हुआ। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपित पियुष और सुजीत कॉलेज के मित्र हैं। पियुष ने अपने साथी सुजीत का बैंक खाता लेकर कृष्ण देव को उपलब्ध कराया था। इसके बाद कृष्ण देव ने अपने साथी अरविन्द यादव की सहायता से उक्त बैंक खाते को ठगों तक पहुंचाया। खाता में ठगी की रकम के एक लाख 25 हजार रुपए प्राप्त हुए थे। पियुष प्रॉपर्टी का कार्य करता है, जबकि अन्य प्राइवेट नौकरी करते हैं।

