जम्मू मेल पर पथराव की सूचना के बाद जीआरपी ने चार युवकों को पकड़ा, शांति भंग में कार्रवाई
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
कानपुर, 15 जून (हि.स.)। जम्मू मेल पर पथराव की सूचना मिलने के बाद जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया। जांच में ट्रेन पर वास्तविक पथराव की घटना की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन युवकों की गतिविधियों से रेल संचालन में व्यवधान और लोको पायलट के मन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने पर उनके खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई।
जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने सोमवार को दोपहर करीब एक बजे डीएससीआर के माध्यम से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 20433 जम्मू मेल के लोको पायलट ने रूमा क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 1006/02-03 के पास कुछ लोगों द्वारा ट्रेन पर पत्थर फेंकने का प्रयास किए जाने की जानकारी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि उस स्थान पर पीडब्ल्यूआई विभाग के श्रमिक रेलवे ट्रैक के अनुरक्षण कार्य में लगे थे। ट्रेन के आने पर लोको पायलट द्वारा हार्न बजाए जाने से कुछ श्रमिक अचानक चौंक गए, जिससे उनके हाथों में मौजूद गिट्टी-पत्थर उछलते या फेंके जाते प्रतीत हुए। हालांकि मौके पर की गई जांच और पूछताछ में ट्रेन पर वास्तविक पथराव की पुष्टि नहीं हुई।
इसके बावजूद लोको पायलट द्वारा की गई पहचान के आधार पर तुषार यादव, अभिषेक, अभिषेक सोनी और प्रेमचंद को जीआरपी थाने लाया गया। चारों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126, 135 और 170 के तहत शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

