इराक का फर्जी टूरिस्ट वीजा बनवाकर यात्रा की कोशिश करने वाले गिरफ्तार

जयपुर, 19 मई (हि.स.)। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इराक का फर्जी टूरिस्ट वीजा बनवाकर विदेश यात्रा करने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन फर्जी टूरिस्ट वीजा भी बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रणजीता शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इराक का फर्जी टूरिस्ट वीजा बनवाकर विदेश यात्रा करने की कोशिश कर रहे सुरेश कुमार निवासी अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश, आलोक कुमार सिंह निवासी पटना बिहार तथा रुपेश यादव निवासी पूर्वी चंपारण बिहार को गिरफ्तार किया है। तीनों ही आरोपित इराक जाने की तैयारी में थे और फर्जी दस्तावेजों के जरिए यात्रा करने का प्रयास कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में फर्जी वीजा तैयार करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एयरपोर्ट थाना प्रभारी रूपनारायण ने बताया कि जयपुर एयरपोर्ट पर इराक की यात्रा के लिए फर्जी टूरिस्ट वीजा का इस्तेमाल करने का प्रयास करते हुए तीन लोगों को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर विनोद शर्मा के निर्देशन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम में उपनिरीक्षक लटूर प्रसाद, कांस्टेबल मनोज कुमार और मोहन लाल शामिल रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर