एक ही परिवार के चार सदस्यों का एक साथ अंतिम संस्कार

जोधपुर, 18 मई (हि.स.)। जिले के पीपाड़ पंचायत समिति के रावनियाना गांव के रहने वाले एक ही परिवार के चार सदस्यों का आज एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। सिपाही अमरीश पुरी के साथ मां रुकमा देवी, छोटे भाई आकाश पुरी, आकाश पुरी की पत्नी नीतू का गोस्वामी समाज के अनुसार एक साथ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने समाधि दी गई। इस दौरान वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई। इन चारों लोगों की रविवार को सडक़ हादसे में मौत हो गई थी।

इससे पहले सिपाही अमरीश पुरी को बोरुंदा थाना क्षेत्र में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। पाली पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पाली से डीवाईएसपी अमृतलाल सोनी, महिला अपराध एवं अनुसंधान प्रभारी, बोरुंदा थानाधिकारी सुजानाराम विश्नोई, साइबर सेल प्रभारी गौतम आचार्य, एएसआई जियाराम चौधरी, सुभाष खदाव सहित अन्य सिपाहियों ने अपने सहकर्मी को अंतिम सलामी दी। अंतिम संस्कार के दौरान जब तक सूरज चांद रहेगा, अमरीश तेरा नाम रहेगा जैसे नारे लगाए गए।

   

सम्बंधित खबर