जम्मू-कश्मीर में दिगडोल से पंथयाल के बीच 3.5 किमी लंबा सुरंग मार्ग तैयार

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। जम्मू‑कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग‑44 पर रामबन जिले के रामसू के पास 810 मीटर लंबा वायाडक्ट और दिगडोल से पंथयाल को जोड़ने वाला 3.5 किलोमीटर लंबा एटी‑03 सुरंग मार्ग तैयार हो गया है। 680 करोड़ रुपये की लागत से बने ये दोनों प्रोजेक्ट रामबन‑बनिहाल खंड के सबसे भूस्खलन‑बाहुल्य हिस्से को बाईपास करेंगे और कश्मीर घाटी तक हर मौसम में सुरक्षित व तेज संपर्क सुनिश्चित करेंगे।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर जानकारी दी कि इन परियोजनाओं से यात्रा समय घटेगा, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और पर्यटकों, स्थानीय यात्रियों, रक्षा वाहनों, मालवाहक ट्रकों तथा आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही पूरे साल सुगम हो सकेगी। उन्होंने इसे इंजीनियरिंग की बड़ी उपलब्धि बताया।

जम्मू‑श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के चार लेन विस्तार परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। रामबन से बनिहाल के बीच लगभग 35 किलोमीटर हिस्से में सुरंगों, पुलों और वायाडक्ट का निर्माण अंतिम चरण में है। इनमें से कुछ महत्वपूर्ण हिस्सों को अमरनाथ यात्रा से पहले यातायात के लिए खोलने की तैयारी है।

अमरनाथ यात्रा की दूरी पिछले वर्ष की तुलना में करीब तीन किलोमीटर कम होगी और रामसू, मारोग, पंथयाल तथा मगरकोट जैसे कठिन हिस्सों में राहत मिलेगी। श्रद्धालुओं के जत्थों को इसी फ्लाईओवर से रवाना कर इसका औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को एक और बड़ी राहत डिगडोल‑पंथयाल के बीच बन रही लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी टनल नंबर‑4 (टी‑4) के रूप में मिलेगी। सुरंग का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसे अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे के वाहनों के गुजरने के साथ यातायात के लिए खोलने का प्रस्ताव है।

ये सुरंगें पंथयाल और खूनी नाला जैसे भूस्खलन‑प्रभावित क्षेत्रों को बाईपास कर इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर पर हर मौसम में निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करेंगी। इससे न केवल स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिलेगी बल्कि अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं का सफर पहले से कहीं अधिक सुगम, सुरक्षित और यादगार होगा।

----------

   

सम्बंधित खबर