जहांगीर मोहल्ला घटना में सरकारी संपत्ति नुकसान पर सामूहिक दायित्व की कार्रवाई शुरू

आसनसोल (बर्दवान), 19 मई (हि. स.)। आसनसोल के जहांगीर मोहल्ला इलाके में हाल ही में हुई घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में आसनसोल नॉर्थ थाना में केस संख्या 208/2026 दिनांक 16 मई 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना में सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने पब्लिक प्रॉपर्टी डैमेज प्रिवेंशन एक्ट, 1972 की धारा 15 सी के तहत सामूहिक दायित्व निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद मंगलवार इलाके में पुलिस द्वारा मुनादी (सार्वजनिक घोषणा) कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान नोटिस पढ़कर सुनाया गया, जिसमें स्पष्ट किया गया कि यदि किसी व्यक्ति को इस घटना के संबंध में कोई जानकारी देनी हो या क्षतिपूर्ति से संबंधित कोई आवेदन या आपत्ति प्रस्तुत करनी हो, तो वह निर्धारित समय के भीतर संबंधित अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रख सकता है। क्षेत्र के सभी निवासियों से अपील की गई है कि वे मामले की गंभीरता को समझें और पुलिस प्रशासन को सहयोग करें।

इस संबंध में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सहायक पुलिस आयुक्त दीप कुमार दास द्वारा हस्ताक्षरित नोटिस जारी किया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एडीपीसी के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने बताया कि मामले की प्राथमिक जांच जारी है और बंगाल मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर एक्ट के तहत भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि होम डिपार्टमेंट के आदेश के बाद सहायक पुलिस आयुक्त को संपत्ति के नुकसान का आकलन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है और इस मामले में कई लोगों की पहचान भी की जा चुकी है।

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस कमिश्नरेट की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोग अफवाहों से दूर रहें और शांति व्यवस्था बनाए रखें। नगर निगम में तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए, खासकर मुस्लिम बहुल इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल के साथ-साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर