पंचायत चुनाव कराने की मांग को लेकर ग्राम प्रधानों ने किया प्रदर्शन

लखनऊ, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में समय से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने की मांग को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन के बैनर तले विभिन्न जिलों से आये ग्राम प्रधानों ने हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन ने सरकार से मांग की, कि उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संविधान के अनुरूप समय से कराए जाएं। पंचायतों पर किसी भी प्रकार के बाहरी प्रशासक अधिकारी न थोपे जाएं। यदि किसी कारणवश चुनाव में विलंब होता है, तो अन्य राज्यों जैसे मध्य प्रदेश एवं राजस्थान की भांति निर्वाचित ग्राम प्रधानों को ही प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार प्रदान करते हुए कार्यवाहक प्रशासक घोषित किया जाए।

अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश सरकार समय से पंचायत चुनाव कराने में विफल रहती है और ग्राम पंचायतों पर जबरन प्रशासक अधिकारी नियुक्त करती है, तो यह संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण तथा ग्राम स्वराज की अवधारणा के विपरीत होगा। निर्वाचित ग्राम प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को हटाकर नौकरशाही के माध्यम से पंचायतों का संचालन करना ग्रामीण जनता के मताधिकार एवं लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रत्यक्ष हनन है।

संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सतेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति या दल के विरुद्ध नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र एवं पंचायतों के अधिकारों की रक्षा के लिए है। बताया कि उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायतों का संवैधानिक कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। पंचायतों पर प्रशासक नहीं चलेगा, लोकतंत्र पर हमला नहीं सहेंगे।

प्रदर्शन में प्रदेश भर के कई जिलों के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य एवं पंचायत प्रतिनिधि भारी संख्या में शामिल रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर