नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में नवविवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका की पहचाल रोजी खातून (20) के रूप में हुई है। पति फंदे से उतारकर महिला को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से ही पुलिस को आत्महत्या की सूचना मिली।
पुलिस को मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अलावा क्षेत्रीय एसडीएम मामले की छानबीन कर रहे हैं। रोजी मां ने आरोप लगाया है कि पति व ससुराल के बाकी लोग उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। छोटी-छोटी बातों पर उनको पीटा जाता था। पुलिस ने परिजनों के बयान पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से बिहार के कटिहार की रहने वाली रोजी की शादी इसी साल 30 मार्च को अजीत नगर, गांधी नगर के रहने वाले अंसार अली से हुई थी। अंसार भी कटिहार के रहने वाले हैं। गांधी नगर इलाके में वह एक कंपनी में नौकरी करते हैं। एक माह पूर्व ही वह पत्नी को लेकर बिहार से दिल्ली आया था। चार जून को अंसार काम से घर पहुंचा तो उसने देखा कि उसकी पत्नी फंदे से लटकी है। फौरन वह पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोजी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। बाद में रोजी के परिवार को बिहार में सूचना दी गई।
उनके परिवार के दिल्ली आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। रोजी की मां ने बयान दिया है, बेटी का पति छोटी-छोटी बातों पर उसे पीटता था। दहेज में वह दो लाख रुपये की मांग कर रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------

