शिवसागर (असम), 15 जून (हि.स.)। नाजिरा के धिताईपुखुरी क्षेत्र अंतर्गत शिलाकुटी भकतगांव में ओएनजीसी की गैस परिवहन पाइपलाइन फटने से लगातार गैस रिसाव होने की घटना सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ओएनजीसी पुरानी पाइपलाइनों को बदलने के बजाय जोड़-तोड़ और अस्थायी मरम्मत के जरिए काम चला रही है, जिसके कारण इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने पाइपलाइन की स्थिति को लेकर लंबे समय से चिंता जताई थी।
रिसाव की घटना के बाद लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि तत्काल प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय बाघजान जैसी बड़ी और भयावह दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ओएनजीसी से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
-----------

