सुपौल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पांच अंचलों को मिले नए सीओ; कई अधिकारियों का तबादला

सुपौल, 01 जुलाई (हि.स.)। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिला प्रशासन ने पांच अंचलों में नए अंचल अधिकारियों (सीओ) की नियुक्ति की है, जबकि जिला कृषि पदाधिकारी समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी प्रशासनिक आदेश के अनुसार पिपरा अंचल में आकांक्षा, सरायगढ़-भपटियाही में कुणाल गौरव, सुपौल सदर में गरिमा जितिका, प्रतापगंज में विकास और छातापुर में रवि राज को नए अंचल अधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा नीतीश कुमार भारती को जिला कृषि पदाधिकारी के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कार्यों में पारदर्शिता, तेजी और जनहित को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।इस फेरबदल के बाद संबंधित क्षेत्रों के लोगों को राजस्व, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र समेत अन्य प्रशासनिक कार्यों में बेहतर और त्वरित सेवाएं मिलने की उम्मीद है। जिले में हुए इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को लेकर आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

   

सम्बंधित खबर