गुजरात की तीन महानगर पालिकाओं को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
- DSS Admin
- Jun 17, 2026

सूरत, 17 जून (हि.स.)। गुजरात की सूरत, जामनगर और वडोदरा महानगर पालिका के कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी भरे संदेश के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और संबंधित महानगर पालिका परिसरों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सबसे पहले जामनगर महानगर पालिका में बम होने संबंधी धमकी भरा ई-मेल मिला। सूचना मिलते ही महानगर पालिका भवन को तत्काल खाली कराया गया और पुलिस, बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वॉड की टीमों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
इसी तरह वडोदरा और बाद में सूरत महानगर पालिका की मुख्य कचहरी को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूरत में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने निगम भवन, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के परिसर की गहन जांच की।
घटना के चलते निगम कर्मचारियों और कामकाज के लिए पहुंचे नागरिकों में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल देखने को मिला। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
सूरत साइबर क्राइम ब्रांच पुलिस ने बताया कि यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी भरा ई-मेल किसने और कहां से भेजा है। फिलहाल सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच जारी है।
--------------

