गुरुग्राम: बच्चों को संस्कारों की शिक्षा देने के लिए जरूरी हैं संस्कार शालाएं: सुभाष ग्रोवर

-हर मंदिर के साथ संस्कार शालाएं भी चलाने पर हो रहा काम

गुरुग्राम, 18 फरवरी (हि.स.)। विश्व जागृति मिशन के कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष ग्रोवर ने कहा कि बच्चों को संस्कारों की शिक्षा देना आज के समय में जरूरी हो गए हैं। इस शिक्षा के लिए जरूरी है कि संस्कार शालाएं शुरू की जाएं। हर मंदिर के साथ अगर एक संस्कार शाला चलाई जाए तो बच्चों को संस्कारी बनाया जा सकता है। यह बात उन्होंने मंगलवार को यहां पत्रकार वार्ता में कही।

गुरुग्राम के सेक्टर-9ए में गौरी शंकर मंदिर में सनातन धर्म के प्रचारक एवं विश्व जागृति मिशन के संस्थापक सुधांशु जी महाराज के सानिध्य में सनातन धर्म जागृति सत्संग एवं ध्यान साधना शिविर के आयोजन की पत्रकार वार्ता में जानकारी दी गई। इस अवसर पर विश्व जागृति मिशन दिल्ली से डा. नरेंद्र मदान, कार्यक्रम के अध्यक्ष बोधराज सीकरी, गौरी शंकर मंदिर के उपाध्यक्ष आचार्य हरीश, गुडग़ांव मंडल में सेवाएं दे रहे नरेंद्र पाल चंडोक मौजूद रहे। सुभाष ग्रोवर ने कहा कि 20 से 23 फरवरी तक सनातन धर्म जागृति सत्संग एवं ध्यान साधना शिविर आयोजित किया जा रहा है। 20 फरवरी को सुबह 9 बजे सनातन जागृति भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। सनातन धर्म का ध्वजारोहण सुधांशु जी महाराज द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम के अध्यक्ष बोधराज सीकरी ने बताया कि इस आयोजन में यज्ञ, वेद, पर्यावरण, गुरुकुल, भजन मंडली की आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएगी। इस दौरान 108 पुरोहितों द्वारा शंखनाद किया जाएगा। शोभा यात्रा का शुभारंभ दशहरा ग्राउंड न्यू कॉलोनी से किया जाएगा। गुरुग्राम के अलग-अलग धार्मिक स्थलों से बस सेवा की भी व्यवस्था की गई है। विश्व जागृति मिशन गुरुग्राम मंडल के प्रधान नरेंद्र पाल चंडोक ने बताया कि 21 फरवरी को एक विशेष सत्र ध्यान-साधना के लिए होगा। संध्या को वेदों एवं उपनिषदों पर आधारित प्रवचन सुधांशु जी महाराज द्वारा किया जाएगा। 22 फरवरी को सुबह 10 बजे एक विशेष सत्र विद्यार्थी प्रतिभा विकास के लिए होगा, जिसमें विद्यार्थियों को बताया जाएगा कि सनातन जागृति के साथ जुडक़र कैसे ऊंचा उठ सकते हैं। अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते है। 23 फरवरी को सुबह 8 बजे विश्व शांति व कल्याण के लिये 11 कुण्डीय महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। 11 बजे से मंत्र दीक्षा का कार्यक्रम भी रहेगा। एक विशेष महासत्र 23 फरवरी की शाम 4 बजे से आरम्भ होगा, जिसमें देश के प्रमुख संतों का समागम होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर