गुरुग्राम: घर में घुसकर लैपटॉप, मोबाइल चोरी करने वाले दो काबू
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
गुरुग्राम, 29 जून (हि.स.)। सेक्टर-9ए थाना क्षेत्र में घर में घुसकर तीन लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-10 ने दो और आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 1,700 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि इस केस में पहले ही दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पांच मई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-9ए में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि पांच मई की सुबह करीब साढ़े तीन बजे से चार बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर तीन लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 जून 2026 को राजेश चौहान निवासी सरोज विहार, सिकंदरा, जिला आगरा, उत्तर प्रदेश तथा रजत निवासी कैलाश मंदिर, सिकंदरा, जिला आगरा, उत्तर प्रदेश को जांच में शामिल किया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी हैदर उर्फ सुनील व अजय ने चोरी किए गए दो मोबाइल फोन राजेश चौहान और रजत को 5,000 रुपये में बेचे थे। राजेश और रजत ने वे मोबाइल फोन आगे अन्य लोगों को बेच दिए। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 1,700 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस टीम ने इस केस में मुख्य आरोपी हैदर उर्फ सुनील और अजय को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब राजेश चौहान और रजत को भी 28 जून को जांच में शामिल किया गया है। चारों आरोपी मिलकर चोरी का सामान खरीदने-बेचने का काम करते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। चोरी गए बाकी लैपटॉप और मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

