आदतन बदमाश अवैध शराब बिक्री करते रंगे हाथों गिरफ्तार, 24 हजार 820 रुपये का मशरूका जब्त
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
रायपुर, 10 जून (हि.स.)। थाना मौदहापारा पुलिस ने शहीद स्मारक भवन पार्किंग क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री करते एक आदतन अपराधी काे अवैध शराब बिक्री करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 36 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब व 500 रुपये नकद बरामद किया है। पुलिस ने आज बुधवार को कार्रवाई उपरांत न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
थाना मौदहापारा पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबारियों, असामाजिक तत्वों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मौदहापारा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि, शहीद स्मारक भवन पार्किंग क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब का विक्रय कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना मौदहापारा पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। मौके पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम फिरोज खान निवासी रजबंधा मैदान, थाना मौदहापारा रायपुर बताया। आरोपित फिरोज खान क्षेत्र का आदतन गुंडा-बदमाश एवं असामाजिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसकी अवैध शराब बिक्री संबंधी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। आरोपित के लंबे समय से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त होने की जानकारी मिलने पर उसकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी।
अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आरोपित की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। पुलिस की सतत निगरानी एवं लगातार की जा रही कार्रवाई के दबाव के कारण आरोपित ने अपने निवास स्थान के बजाय अन्य स्थानों पर अवैध शराब बिक्री का अड्डा संचालित करना प्रारंभ कर दिया था तथा लगातार स्थान बदलकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहा था।
थाना मौदहापारा पुलिस द्वारा आरोपित की गतिविधियों पर लगातार गुप्त निगरानी रखी जा रही थी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी सक्रिय निगरानी एवं मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर आरोपित को शहीद स्मारक भवन पार्किंग क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से 36 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब कुल 6.480 बल्क लीटर शराब की अनुमानित कीमत 4,320 रुपये व नगदी रकम 500
होंडा एक्टिवा वाहन की अनुमानित कीमत 20,000 कुल जब्त मशरूका 24,820 रुपये जब्त की गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपित अपने कब्जे में रखी शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपित द्वारा अवैध रूप से शराब का संग्रहण एवं विक्रय किया जाना पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
रायपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि, अवैध शराब बिक्री, नशे के कारोबार एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस द्वारा ऐसे आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई की जा रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------

